क्या चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स से होगी गुकेश की वापसी?
भारत का सबसे प्रतिष्ठित क्लासिकल सुपर टूर्नामेंट चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 16 से 22 जुलाई तक चेन्नई में खेला जाएगा। 75 लाख रुपये (लगभग 79,500 अमेरिकी डॉलर) की पुरस्कार राशि वाले इस आमंत्रण टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी. गुकेश सहित दुनिया के आठ शीर्ष ग्रैंडमास्टर्स खिताब और महत्वपूर्ण फीडे सर्किट अंक हासिल करने के लिए मुकाबला करेंगे।
इस बार प्रतियोगिता में विश्व चैंपियन गुकेश के अलावा भारत के नंबर एक अर्जुन एरिगैसी, उजबेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोज़ा, अमेरिका के हांस नीमन, भारत के निहाल सरीन, रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन और भारत के युवा ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों की इस मजबूत सूची के कारण यह टूर्नामेंट वर्ष के सबसे कठिन क्लासिकल आयोजनों में गिना जा रहा है। भारतीय खिलाड़ियों के लिहाज से शतरंज ओलंपियाड के पहले यह बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला होगा वहीं गुकेश के पास एक बार पुनः अपने गृहनगर में अपनी पुरानी लय हासिल करने का बड़ा मौका होगा ।
प्रतियोगिता डबल राउंड-रॉबिन नहीं बल्कि सिंगल राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें सभी आठ खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगे। समय नियंत्रण 90 मिनट + प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड की वृद्धि (90+30) रहेगा। कुल सात राउंड के बाद सर्वाधिक अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी चैंपियन बनेगा।
टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 75 लाख रुपये है। विजेता को 25 लाख रुपये, उपविजेता को 15 लाख रुपये, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।
चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स ने पिछले तीन वर्षों में विश्व शतरंज में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2023 में विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने टाईब्रेक में अर्जुन एरिगैसी को पीछे छोड़कर पहला संस्करण जीता था और इसके बाद विश्व चैंपियन बनने का ऐतिहासिक सफर तय किया। 2024 में अरविंद चितंबरम ने तीन खिलाड़ियों के प्लेऑफ के बाद खिताब जीता, जबकि 2025 में जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने दो अंकों के बड़े अंतर से चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस बार सभी की निगाहें विश्व चैंपियन गुकेश और भारत के शीर्ष खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी के प्रदर्शन पर रहेंगी। वहीं हाल के महीनों में शानदार फॉर्म में चल रहे अलीरेज़ा फिरोज़ा, नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और हांस नीमन जैसे खिलाड़ी भी खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। चूंकि इस प्रतियोगिता में फीडे सर्किट अंक भी दांव पर होंगे, इसलिए प्रत्येक मुकाबला विश्व रैंकिंग और आगामी प्रमुख प्रतियोगिताओं के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।